काले रंग की बाइक पर सवार दो युवक मंडी समिति के सामने स्थित एसबीआई कृषि
लोन शाखा के पास से रंगीलाल चौराहा निवासी कुलविंदर कौर के हाथ पर झपट्टा
मारकर 1.48 लाख रुपये की थैली छीन ली और आसाम पुलिस चौकी की ओर भाग निकले।
महिला बैंक से रुपये निकालकर अपने भाई की बाइक पर सवार होकर पुत्री को
छोड़ने आसाम चौराहा जा रही थी। दिनदहाड़े हुए वारदात से हड़कंप मच गया।
एएसपी, सीओ और प्रभारी निरीक्षक ने पहुंचकर पीड़ित से जानकारी ली और
ससीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने महिला की ओर से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ
लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
घटना नौगवा चौराहा-आसाम हाइवे मुख्य
मार्ग पर दोपहर करीब एक बजे हुई। शहर से सटे गांव नौगवा निवासी गुरुलाल
सिंह ने बताया कि उनकी बहन रंगीलाल चौराहा निवासी कुलविंदर कौर ने उससे 76
हजार रुपये लिए थे। उसकी भांजी को दिल्ली जाना था। पैसे की जरूरत होने के
कारण वह बहन कुलविंद कौर, भांजी को लेकर मंडी समिति के सामने स्थित एसबीआई
की कृषि लोन शाखा पहुंचे। जहां बहन ने खाते से 2.44 लाख रुपये निकाले।
उसमें से उनको उधार लिए हु 76 हजार रुपये लौटा दिए।
शेष 1.48 लाख रुपये
एक प्लास्टिक की थैली में रखकर हाथ में पकड़ ली। जब वह बाइक पर भांजी और
बहन को बैठाकर आसाम चौराहा की ओर बढ़े। तभी पीछे से काली बाइक पर सवार दो
युवक पास से निकले और पीछे बैठी बहन के हाथ से रुपयों से भरी पोटली छीन ली
और आसाम पुलिस चौकी की ओर भाग निकले। उन्होंने बहन और भांजी को उतारकर
बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं लगे। सूचना पर प्रभारी
निरीक्षक बृजेश सिंह ने घेराबंदी कराकर चेकिंग कराई, लेकिन कोई सफलता नहीं
मिली।
एएसपी सुधीर कुमार सिंह, सीओ सिटी कौशलेंद्र कुमार सिंह ने मौके
पर पहुंचकर पीड़ितों से बात की और बैंक में लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि कुलविंदर कौर की ओर से घटना की
रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरे में मिले फुटेज के आधार पर
बदमाशों की सुरागरशी की जा रही है।