पूरनपुर। तालाब की भूमि पर सेंट जोसेफ स्कूल के कब्जे को प्रशासन ने रविवार को हटवा दिया। जेसीबी से तालाब की भूमि पर खड़े पिलर और बेरीकेडिंग ध्वस्त कर दी गई। बास्केटबॉल खेलने के लिए लगाए गए जाल को भी हटा दिया गया। दोबारा कब्जा करने पर अब भूमाफिया के तहत कार्रवाई होगी।
एसडीएम चंद्रभानु सिंह ने बताया कि सेंट जोसेफ स्कूल प्रशासन द्वारा तालाब की भूमि पर कब्जे की शिकायत मिली थी। जांच में शिकायत सही पाई गई। इस पर कुछ दिन पहले तालाब की भूमि का सीमांकन कराया गया। इस पर गाटा संख्या 650 के तालाब की आधा एकड़ भूमि पर स्कूल का कब्जा पाया गया। मैदान में बास्केटबॉल खेलने के लिए जाल भी लगाया गया था। चारों ओर पिलर खड़े कर बेरीकेडिंग कर कब्जा किया गया था। सीमाकंन के दौरान स्कूल प्रशासन को अवैध कब्जा हटा लेने की चेतावनी दी गई। इससे पहले भी नोटिस दिए गए, लेकिन स्कूल प्रशासन ने तालाब की भूमि से कब्जा नहीं हटाया। एसडीएम ने बताया कि रविवार को जेसीबी मशीन से तालाब की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटवा दिया गया है। अब अगर दोबारा तालाब की भूमि पर अतिक्रमण होता है, तब भूमाफिया की कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि इसके साथ ही पूरनपुर देहात के अन्य तालाबों का सीमाकंन कराया जा रहा है। कब्जा मिलने पर अवैध कब्जा को शीघ्र हटवाया जाएगा। तालाब से अवैध कब्जा हटने की कार्रवाई से कुछ अन्य तालाबों पर कब्जा जमाए लोगों में खलबली मची रही। कार्रवाई के दौरान एसडीएम चंद्रभानु सिंह, तहसीलदार आशुतोष कुमार, कोतवाल केशव कुमार तिवारी, नगर चौकी इंचार्ज निर्देश सिंह चौहान टीम के साथ मौजूद रहे।
नहीं दिया गया नोटिस
तालाब पर अवैध कब्जा की कभी भी जानकारी नहीं दी गई। अवैध कब्जा हटाने को नोटिस भी नहीं दिया गया। अगर तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था, तो एक बार जानकारी देकर कार्रवाई की जानी चाहिए थी।
-फादर चिनप्पन, प्रबंधक सेंट जोसेफ स्कूल।
अवैध कब्जे की एसडीएम से शिकायत
पीलीभीत। कलीनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम शिवनगर के कुछ ग्रामीणों ने एसडीएम कलीनगर को ज्ञापन दिया। इसमें गांव के कुछ लोगों पर ग्राम पंचायत में बनवाए गए नाले को तोड़ने और तालाब पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। पूरे मामले की गहनता से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत करने वालों में विष्णु सिंह, रामकुमार, राकेश सिंह, शांति देवी आदि हैं। ब्यूरो