बीसलपुर। एक नर्सिंग होम की नर्स से छेड़खानी करना सिपाही को महंगा पड़ गया। एसपी के निर्देश रिपोर्ट दर्ज की गई। उसे निलंबित भी किया गया है। सिपाही पीआरवी में तैनात था। वह आठ महीने से नर्स के पीछे पड़ा था। नर्स ने तीन महीने पहले परेशान होकर कोतवाल से शिकायत की तो उन्होंने सिपाही से माफी मंगवाकर पूरे मामले को रफादफा कर दिया था लेकिन जब उनका तबादला हो गया। नए कोतवाल आए तो फिर से वह पीछे पड़ गया।
नगर के एक मोहल्ले की एक युवती बरेली के नर्सिंग होम में नर्स है। वह रोजाना अपने घर ईदगाह चौराहा तक पैदल जाती थी और फिर बस से बरेली जाती थी। रास्ते में कोतवाली से संबद्ध पीआरवी का सिपाही उसके पीछे पड़ गया। वह रोजाना उसका पीछा करने लगा। अश्लील इशारे करने लगा। सिपाही की हरकतों से आजिज नर्स ईदगाह चौराहे तक रिक्शा से जाने लगी, तब भी सिपाही ने पीछा नहीं छोड़ा। परेशान नर्स ने कोतवाली में शिकायत की लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया, तभी नर्स ने दो दिन पहले पीलीभीत जाकर एसपी दिनेश कुमार पी से लिखित शिकायत की। एसपी ने कोतवाल नरेश त्यागी को सिपाही के विरुद्ध तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। कोतवाल ने बताया कि एसपी के निर्देश पर पीआरवी के सिपाही अमित के विरुद्ध छेड़ख़ानी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कोतवाल ने बताया कि सिपाही को निलंबित किया गया है।