पूरनपुर। युवक का शव टिनशेड में लटका मिला। युवक के पिता ने उसके ससुरालियों पर हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
घटना घुंघचाई पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव कबीरपुर कसगंजा की है। गांव निवासी बेनीराम ने बताया कि पुत्र सतीश (32) तीज को लेकर बुधवार को पत्नी को ससुराल गांव झुरकुरिया में छोड़कर शाम को घर लौटा था। पुत्र अपनी पत्नी के साथ गांव के दूसरे घर में जबकि वह अपनी पत्नी जगरानी के साथ दूसरे घर में रहते हैं। बुधवार शाम सात बजे पुत्र का साला भी गांव में आया था। बेनीराम का आरोप है कि पुत्र का ससुरालियों से विवाद चल रहा था। इसके चलते उसके पुत्र की हत्या कर लटकाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सतीश का शव पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया। सतीश अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसका दो साल का एक पुत्र है। सीओ लल्लन सिंह ने बताया कि सतीश के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सब स्पष्ट हो जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई कराई जाएगी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।