पूरनपुर। अप्रैल माह में एक युवती ने कुएं में कूद कर आत्महत्या की थी। मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने और दहेज की मांग करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव अभयपुर जमीमा जगतपुर निवासी ग्रामीण ने कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव निवासी रवि से उनकी पुत्री के प्रेम प्रसंग होने की जानकारी होने पर विवाह की बात करने पर एक बार वह तैयार हो गया था। मगर लड़के के पिता डालचंद तैयार नहीं हुए थे। उसने अपने पुत्र को बहका दिया। जिस पर युवक शादी में पांच लाख रुपये और बुलेट की मांग करने लगा। पुत्री ने दोनों को समझाया। आरोप है कि पिता-पुत्र अक्सर उसकी पुत्री को बेइज्जत कर आत्महत्या के लिए प्रेरित करते थे। इससे क्षुब्ध होकर उसने 27 अप्रैल को गांव के पास कुएं में कूद कर आत्महत्या कर ली थी।
सूचना पर पुलिस ने युवती का पोस्टमार्टम कराया था। अब पुलिस ने इस मामले में अब कोर्ट के आदेश पर रवि और उसके पिता डालचंद पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने, दहेज मांगने की रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ लल्लन सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना कराकर साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।