बीसलपुर। कटना पुल के नीचे शनिवार को एक छात्रा के मिले शव का रविवार को पैनल के द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत पानी में डूबने से बताई गई। इधर पुलिस परिवार की ओर से नामजद किए गए युवक से पूछताछ चल रही है। रविवार की शाम छात्रा के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। फिलहाल पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी हैै।
नगर के मोहल्ला बाजार कटरा निवासी अनुपम मिश्रा की 17 वर्षीय पुत्री गौरी छह अगस्त को अपराह्न ढाई बजे घर से रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। अनुपम ने सात अगस्त को सुबह कोतवाली में अपनी पुत्री को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। जिसमें मोहल्ला पटेलनगर निवासी अभय कुमार को नामजद किया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद उसे घटना के बारे में पूछताछ कर रही है। रविवार को छात्रा के शव का पैनल के द्वारा पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टरों की रिपोर्ट में छात्रा की पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। इधर पुलिस अब दोनों के मोबाइल की सीडीआर निकालवाने के बाद नंबर से मिलान कर रही है। सीओ प्रशांत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। इस प्रकरण में गहनता से जांच कराई जा रही है। युवक से पूछताछ करने के साथ छात्रा के परिवार से भी जानकारी जुटाई जा रही है।