पूरनपुर। ढाबा मालिक से डोडा बरामदगी के नाम पर 1.10 लाख रुपये वसूली पर चार पुलिस कर्मियों पर दर्ज रिपोर्ट की जांच अब सीओ पूरनपुर की जगह सीओ सिटी को दी गई है। पहले जांच सीओ बीसलपुर के बाहर होने पर सीओ पूरनपुर को सौंपी गई थी।
पंकज कॉलोनी निवासी अहमद हुसैन अहमद हुसैन उर्फ गुड्डू की असम हाईवे के सिरसा चौराहा पर मिठाई की दुकान और असम हाईवे पर एक पट्रोल पंप के समीप ढाबा है। ढाबा मालिक ने एसपी से कुछ दिन पहले मिलकर चार सिपाहियों पर डोडा तस्करी के नाम पर 1.10 लाख रुपये की वसूली का आरोप लगाया था। शिकायत को गंभीरता से लेकर एसपी ने सिपाही सुरेंद्र पटेल, हनुमान यादव विक्की, रामदूत और विक्रांत को लाइनहाजिर कर दिया था। शुरुआत में जांच डायल 112 के इंस्पेक्टर राजेश कुमार को सौंपी गई थी। इंस्पेक्टर ने लगातार दो दिन टीम के साथ ढाबा पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद एसपी ने दो दिन पहले कोतवाली पुलिस को गुड्डू की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। इस दौरान समझौता का दबाव पड़ने पर ढाबा मलिक दो दिन पहले बैकफुट पर आ गया। उसने एसपी को भेेजे शिकायती पत्र में कार्रवाई न चाहने का तर्क दिया। शोर मचा कि ढाबा मालिक ने समझौता के नाम पर मोटी रकम ले ली। हालांकि इससे ढाबा मालिक ने इनकार किया। एक दिन पहले कोतवाली पुलिस ने ढाबा मालिक की ओर से कांस्टेबल सुरेंद्र पटेल, विक्की और दो अज्ञात सिपाहियों पर भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की। दर्ज रिपोर्ट की विवेचना सीओ पूरनपुर को दे दी गई थी, लेकिन अब एसपी किरीट कुमार राठौर ने इस प्रकरण की विवेचना सीओ पूरनपुर से हटाकर सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम को सौंप दी है।
सर्किल के पुलिस कर्मियों पर दर्ज हुई रिपोर्ट पर विवेचना दूसरी सर्किल के सीओ को देने का प्रावधान है। सीओ बीसलपुर उस समय बाहर गए थे। इस पर विवेचना मुझे दी गई थी। अब विवेचना सीओ सिटी को ट्रांसफर की गई है। अब वह ही इसकी पूरी जांच करेंगे। - लल्लन सिंह, सीओ पूरनपुर