पीलीभीत। आठ दिन पहले शहर के मोहल्ला सुनगढ़ी की रहने वाली एक युवती ने गौहनिया तालाब में कूदकर अपनी जान दे दी थी। इस मामले में मृतका के पिता ने मोहल्ले के तीन लोगों पर उसे आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर के मोहल्ला सुनगढ़ी के रहने वाले एक 23 वर्षीय युवती के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बेटी का मोहल्ले के रहने वाले अमित लोधी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जानकारी होने पर परिवार वालों ने लड़की और लड़के से बात की, तो अमित ने बताया कि वह शादी करना चाहता है। परिवार वाले अमित के घर रिश्ता लेकर गए थे, लेकिन अमित के पिता श्यामलाल और उसकी मां ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद जब पंचायत हुई तो उसके परिवार वाले शादी करने के लिए तैयार हो गए थे, लेकिन बाद में उसके परिवार वालों ने अमित का रिश्ता कहीं और तय कर दिया। इस पर मृतका के पिता उसके घर पहुंचे, लेकिन वह शादी के लिए तैयार नहीं हुए। 10 जुलाई को अमित के माता-पिता उसके घर पर आए और उसकी बेटी से शादी करने से मना कर दिया। इस आहत होकर वह 17 जुलाई की रात घर से बिना बताए कहीं चली गई। 18 जुलाई को उसका शव गौहनिया तालाब में पड़ा मिला। पिता की ओर से मिली तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी अमित और उसके माता-पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।