पीलीभीत। कलीनगर में शुक्रवार देर शाम घर से घूमने की बात कहकर निकले बुजुर्ग का शव चंद घंटे बाद ही संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर से आधा किलोमीटर दूर पड़ा मिला। मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले है। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी करने के बाद शनिवार सुबह शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। हालांकि अभी तक परिवार ने कोई तहरीर नहीं दी है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र कलीनगर के वार्ड नंबर नौ निवासी नसीम ने बताया कि उनके 60 वर्षीय बुजुर्ग पिता इब्राहिम शुक्रवार शाम सात बजे घर से टहलने की बात कहकर निकले थे, मगर वह जब साढ़े नौ बजे तक घर वापस नहीं आए। तो परिवार वाले उनकी तलाश में निकल पड़े। तो कस्बे के वार्ड नंबर एक में सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा मिला। उनके सिर और शरीर पर चोट के निशान मिले। परिवार वालों ने उनकी हत्या की आशंका जताते हुए मामले की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर माधोटांडा इंस्पेक्टर रामसेवक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। परिवार से जानकारी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर उसे जिला अस्पताल मोर्चरी में रखवा दिया। शनिवार सुबह पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भिजवाया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। - लल्लन सिंह, सीओ पूरनपुर