पूरनपुर। खेत में बकरी घुसने के विवाद पर वकील और उसके भाई की जमकर पिटाई कर दी गई। धारदार हथियार से वार में वकील के पैर की अंगुली कट गई। फायरिंग कर दहशत भी फैलाई गई। सूचना पर पुलिस पहुंचने और लोगों के एकत्र होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने बलवा, गाली-गलौज कर मारपीट करने, धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना मंगलवार अपरान्ह की है। गांव लोधीपुर निवासी इकराम खां ने बताया कि भाई दानिश के साथ गांव मकरंदपुर गौटिया स्थित अपने खेत पर थे। पड़ोसी खेत स्वामी और गांव निवासी अच्छन की बकरियों ने उसके खेत में घुसकर फसल का नुकसान कर दिया। इसकी शिकायत अच्छन खां से की। तब अच्छन खां ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध पर उसने फोन कर अपने परिचितों को बुला लिया। तमंचा, चाकू, डंडों से लैस होकर आए लोगों ने उस पर और उसके भाई पर हमला कर दिया। तमंचे से फायर किया। जिससे बाल-बाल बच गए। धारदार हथियार से उसके पैर पर बार किया गया। इससे उसकी अंगुलियां कट गई। दानिश ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। पुलिस और लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। कोतवाल सुनील शर्मा ने बताया कि गांव निवासी अच्छन खां, गब्बर, फरियाद, याद खां, ताजुद्दीन, फरजंद और अन्य पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच करा रहे हैं।