पीलीभीत। पंचायत चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए खुराफात की आशंका पर बड़ी संख्या में मुचलका पाबंद कार्रवाई की गई है। चौदह थाना क्षेत्रों में 24485 लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है। इन सभी की गतिविधियों पर पुलिस निगरानी भी कर रही है।
पंचायत चुनाव को सकुशल संपन्न कराना पुलिस चुनौती के रूप में ले रही है। अफसर किसी तरह की कोई चूक नहीं बरतना चाहते। छिटपुट विवादों को लेकर भी दोनों पक्षों को मुचलका पाबंद कराया जा रहा है, ताकि चुनाव में कोई खलल न डाल सके। इसी को देखते हुए चिन्हीकरण के बाद कोतवाली 213, सुनगढ़ी 948, गजरौला 1163, न्यूरिया 1602, जहानाबाद 3713, अमरिया 1300, बरखेड़ा में 1582, बीसलपुर 3231, बिलसंडा 2096, दियोरियाकलां 2409, पूरनपुर 2390, माधोटांडा 1622, सेहरामऊ उत्तरी में 1215, हजारा में 951 लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है। इन सभी पर चुनाव में खलल डालने का खतरा जताया गया है। ऐसे में बीट सिपाही, चौकी प्रभारी से लेकर थानाध्यक्ष तक को इन सभी की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी मुचलके के नोटिस भी तामील कराए जा रहे हैं।
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है। बड़े पैमाने पर मुचलका पाबंद कार्रवाई की गई है। अगर कोई खुराफात करेगा तो सख्ती से निपटा जाएगा। - किरीट कुमार, एसपी