पूरनपुर (पीलीभीत)। नेपाल की तरफ गन्ने लेकर जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली सवार लोगों को एसएसबी ने रोका तो बवाल हो गया। गन्ने ले जाने वाले पहले तो अपने वाहन छोड़कर भाग गए। मगर कुछ देर बाद ग्रामीणों की भीड़ के साथ दोबारा मौके पर पहुंचे और एसएसबी जवान पर हमला बोलकर अभद्रता और मारपीट की। वाहनों में तोड़फोड़ की और गन्ने लदी ट्रैक्टर ट्रॉलियां छुड़ाकर ले गए। इस मामले में एसएसबी के सहायक सेनानायक की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिसमें पांच लोगों को नामजद किया गया है।
एसएसबी 49वीं वाहिनी के सहायक सेनानायक ने हजारा थाने में दी तहरीर में बताया कि नेपाल सीमा पर पिलर संख्या 34 और 35 के बीच जवान रविंदर सिंह धामी ड्यूटी पर थे। शुक्रवार दोपहर कुछ किसान दो ट्रैक्टर ट्रॉलियों में गन्ने लेकर नेपाल की तरफ जा रहे थे। उन पर नजर पड़ी तो ड्यूटी पर मौजूद जवान ने रोक लिया। उस वक्त लोग गन्ने लदी ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर भाग गए। कुछ देर बाद वही लोग गांव के अन्य लोगों को साथ लेकर मौके पर दोबारा पहुंचे और एसएसबी जवान से भिड़ गए और गालीगलौज करते हुए अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर जवान से मारपीट की गई। एसएसबी के कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचाने और आग लगाने का भी प्रयास किया गया। इसके बाद भीड़ अपने गन्ने लदे वाहनों को छुड़ाकर ले गई। एसएसबी के जवान ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। शनिवार को इस मामले में सहायक सेनानायक की ओर से नामजद तहरीर दी गई।
इंस्पेक्टर हजारा उमेश सिंह सोलंकी ने बताया कि टिल्ला नंबर चार गांव निवासी मलकीत सिंह, एमपी सिंह, कुलदीप सिंह, धर्मेंद्र सिंह, गोल्डी सिंह आदि के खिलाफ बलवा, मारपीट, गालीगलौज, धमकाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।