पीलीभीत। तीन दिन पहले पौरखास गांव में जमीन को लेकर हुए विवाद में अब पूरनपुर ब्लॉक प्रमुख मनप्रीत कौर के पति अतिंद्र पाल सिंह के शामिल होने और अब भी धमकाने का आरोप लगा है। एक पक्ष ने मामले की शिकायत एसपी और सीओ को पत्र भेजकर की है।
गजरौला के पौरखास गांव में सोमवार को साढ़े सात एकड़ जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। असलहों के बल पर जमीन कब्जाने की कोशिश हुई थी। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया था। तीन वाहन और रायफल भी कब्जे में ली गई थीं। रायफल का लाइसेंस निरस्त करने को कार्रवाई शुरू भी कर दी गई है।
इस मामले में अब एक पक्ष के नदहा गांव निवासी रूढ़ सिंह ने ब्लॉक प्रमुख के पति पर कार्रवाई को शिकायती पत्र दिया। इसमें कहा कि जमीन पर कब्जा करने वह भी असलहा लेकर आए थे। अब भी लगातार धमकाया जा रहा है। रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। उधर, अतिंद्र पाल सिंह का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप गलत हैं। चूंकि मामला समाज से जुड़ा था, इसलिए सुलह कराने के लिए वह मौके पर गए थे।