फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब शहर के बीचोबीच महिला की चेन खींचकर भागे लुटेरे

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। नवागत एसपी जयप्रकाश के चार्ज संभालने के चंद घंटे बाद ही चेन स्नेचरों ने दिनदहाड़े पुलिस को चुनौती दे दी। बाइक सवार लुटेरे अपराह्न साढ़े तीन बजे महिला की चेन खींचकर भाग गए। महिला सास के साथ रिश्तेदार की शादी के लिए खरीदारी करने पैदल बाजार जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी दो थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। मगर, उनके कुछ हाथ नहीं लगा। अब आसपास के रास्तों पर सीसीटीवी तलाशे जा रहे हैं।
विज्ञापन

घटना बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई। मोहल्ला कुंवरगढ़ निवासी द्रोपदी देवी पत्नी संजय कुमार अपनी सास बुद्धोदेवी के साथ बाजार अपनी रिश्तेदारी में शादी के लिए खरीदारी करने जा रही थीं। ई-रिक्शा तलाशने के लिए वह लेखराज चौराहा की तरफ पैदल बढ़ी। तभी सामने से आए काले रंग की बाइक पर सवार दो लुटेरों ने द्रोपदी के गले में पड़ी सोने की ढाई तोला वजन की चेन खींच ली और होली चौराहा की तरफ भाग गए। सूचना मिलने पर सीओ सिटी प्रवीण मलिक, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी अतर सिंह, कोतवाल सदर श्रीकांत द्विवेदी भी मौके पर पहुंच गए। महिला से जानकारी की गई। सीओ ने आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखनी चाही, मगर मकान मालिक महिला ने दरवाजा ही नहीं खोला। अब पुलिस अन्य प्रतिष्ठानों में सीवीटीवी से चेन स्नेचरों का पता लगा रही है। दिनदहाड़े हुई चेन स्नेचिंग की वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा रहा।
दोबारा घटनास्थल पर आ गए लुटेरे
दिनदहाड़े चेन लूटने की घटना को लेकर पुलिस मौके पर महिला से पूछताछ कर रही थी। तभी बाइक सवार दोनों लुटेरे दोबारा वहां पर आ गए। महिला ने देखते ही पहचान करते हुए शोर मचाया। पुलिस लुटेरों को पकडने के लिए पीछे दौड़ी भी, मगर लुटेरे पुलिस को चकमा देने में सफल रहे। हालांकि पुलिस ने संदेह के आधार पर पांच युवकों को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन

अफसर लेते सबक तो शायद न होती वारदात
तीन जून को आवास विकास कॉलोनी निवासी विकास चौहान की पत्नी शशि सिंह की सोने की चेन नौगवां चौराहा के पास बाइक सवार लुटेरे खींच भाग गए थे। इस घटना का पुलिस ने खुलासा भी दो दिन बाद ही कर दिखाया था। मगर खुलासे पर पीड़ित ने ही सवाल उठाए थे। उसे न तो लुटेरों से बरामद चेन दिखाई, न ही जेल भेजे अपराधियों की पहचान कराई गई थी। तत्कालीन एसपी से भी इसकी पीड़ित ने शिकायत की, मगर मातहतों के गुडवर्क को बचाने के लिए जांच नहीं हुई। मगर, उस घटना से खाकी ने सबक नहीं लिया। इससे एक बार फिर शहर में स्नेचर सक्रिय हुए और दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे डाला। दोनों घटनाओं में अपराधी युवा उम्र के हैं। उन्होंने काली रंग की छोटी बाइक इस्तेमाल की है।
चेन स्नेचिंग की सूचना मिलते ही मौके पर जाकर जानकारी जुटाई गई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश सुनगढ़ी पुलिस को दिए हैं। अपराधियों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। - प्रवीण मलिक, सीओ सिटी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें