गजरौला (पीलीभीत)। सब्जी लेकर घर लौट रहे बाइक सवार अधिवक्ता से कार में सवार तीन युवकों ने बेवजह गाली गलौज शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर अधिवक्ता से मारपीट की गई। एक परिचित ने मौके पर पहुंचकर अधिवक्ता को बचाया। शनिवार को पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गजरौला थाना क्षेत्र के बेबी सिंह कॉलोनी निवासी पवित्र कुमार हलधर मुख्यालय पर वकालत करते हैं। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम को वह बाइक से कस्बे की बाजार से सब्जी लेकर घर जा रहे थे। असम हाईवे पर कस्बे में एक प्राइवेट स्कूल के पास पास पीछे से आकर एक कार उनके पास रुकी। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही कार से कुछ युवक उतरे और गाली- गलौज करने लगे। उन्होंने इसका विरोध किया तो झगड़े पर आमादा हो गए। हाईवे पर मारपीट की गई। शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे एक परिचित ने बचाया। आरोपी मौके से भाग गए।
इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जरा कोठी निवासी मस्तान सिंह, मनप्रीत सिंह और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। अधिवक्ता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।