पीलीभीत। एक किसान से मोबाइल पर कॉल करके दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम न देने पर किसान के पौत्र को अगवा करने की धमकी दी गई है। पीड़ित किसान ने बीसलपुर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, प्रभारी निरीक्षक ने ऐसे किसी मामले की जानकारी होने से इनकार किया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नवदिया सितारगंज निवासी आबिद खां खेती करते हैं। मंगलवार रात सवा आठ बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल पहुंची। फोन रिसीव करते ही कॉल करने वाले ने गाली गलौज शुरू कर दी। उनसे बतौर रंगदारी दो लाख रुपये की मांग की गई। 27 सितंबर तक रुपये न देने पर किसान के चार वर्षीय पौत्र असद का अपहरण करने की धमकी दी और फोन काट दिया। इसके बाद आबिद ने उस नंबर पर कई बार कॉल करने की कोशिश की, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। बुधवार सुबह किसान ने कोतवाली पुलिस से मामले की शिकायत की। उसका कहना है कि वह कोतवाली में इसकी तहरीर देकर आया है। उधर, कोतवाल हरीशंकर वर्मा का कहना है कि उन्हें इस मामले की कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है, तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।