पीलीभीत। घरवालों से नाराज होकर शहर की एक युवती बुधवार शाम खुदकुशी करने के इरादे से स्टेशन पहुंच गई। वह जब बरेली जाने वाली ट्रेन के इंजन कोच में बैैठी तो एक रेलकर्मी की उस पर नजर पड़ी। उसने इंजन कोच में बैठने की वजह पूछी। युवती के हाथ में शीशी देखकर रेलकर्मी ने उसे भरोसे में लेकर पूछताछ की तो उसने घरवालों से नाराजगी का हवाला देकर खुदकुशी करने आने की बात कही। काफी समझाने के बाद उसके परिजन को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर युवती को परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना बुधवार शाम 6:20 बजे की है। जब टनकपुर की ओर से बरेली जा रही ट्रेन संख्या 55368 पीलीभीत स्टेशन पहुंची तो एक युवती चुपचाप इंजन कोच में जाकर बैठ गई। ट्रेन ड्राइवर समेत अन्य रेलकर्मियों की उस पर नजर पड़ी तो उन्होंने उससेे जानकारी जुटाई। तब घरवालों से नाराज होकर युवती के आत्महत्या के इरादे से आने की बात पता चली। काफी समझाने के बाद युवती ने अपने घर का पता बताया। इस पर परिवार से संपर्क साधा गया। स्टेशन पहुंचने के बाद युवती को परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया। ब्यूरो