पूरनपुर। न्यायालय के आदेश पर घर में घुसकर युवती को तमंचा दिखाकर दो लाख रुपये लूटने और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटना चार अप्रैल की बताई गई है। गांव बिलहरी निवासी राजीव तिवारी की पत्नी पिंकी तिवारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें कहा कि उसका पति बिहार में मजदूरी करता है। बीते 15 मार्च को उनके जेठ नीरज ने बैंक से ढ़ाई लाख रुपये का ऋण लिया था। ऋण लेने के दौरान गांव का संत कुमार उर्फ टिंकू जेठ के साथ गया था। ऋण की धनराशि घर में रखी थी। चार अप्रैल को उसका जेठ रात को खेत की रखवाली करने गया था। वह घर में नाबालिग पुत्र के साथ थी। आरोप है कि रात करीब दो बजे दरवाजा खटखटा कर टिंकू, उसका भाई रविंद्र, शिव कैलाश और उनके पिता रामनरेश घर में घुस आए। आरोपियों ने तमंचा दिखाकर घर में रखे दो लाख रुपये लूट लिए। घटना की जानकारी किसी को देेने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना की सूचना अगले दिन पुलिस को दी। इसके बाद एसपी को भी शिकायती पत्र भेजा लेकिन फिर भी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया। कोतवाल पवन पांडेय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर पिता-पुत्र सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।