जहानाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम सैगवां नगरिया में हिंदू संगठन की फ्लेक्सी फाड़े जाने के विवाद ने शनिवार रात तूल पकड़ लिया। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गालीगलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी सुजाता देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 19 सितंबर की रात आठ बजे फ्लेक्सी फाड़ने के शक में बरातबोझ गांव का एक युवक अपने आप को एक संगठन का पदाधिकारी बताते हुए उनके घर घुस आया। उसने गालीगलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर उसे और उसके देवर को खींचकर बाहर निकालकर पिटाई कर दी। भीड़ एकत्र होने पर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। घटना के समय पीड़िता का पति घर पर मौजूद नहीं था।
दूसरी ओर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने परेवा वैश्य चौकी पर शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव में लगाई गई उनकी फ्लेक्सी को एक युवक ने फाड़ दिया। जब इसका विरोध किया तो उनके साथ गालीगलौज और मारपीट की गई। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।