पीलीभीत। संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत के मामले में सुनगढ़ी पुलिस ने कार्रवाई की है। मृतक की मां की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के मोहल्ला बशीर खां निवासी रजनी पत्नी शेर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 18 दिसंबर की रात उसका बेटा रोहित करीब 9:30 बजे घर से टहलने के लिए निकला था। देर रात तक न लौटने पर उसकी पुत्री नैना ने गौहनियां चौराहा स्थित एक होटल पर काम करने वाले चेतराम प्रेमी के बेटे अंकित से फोन पर संपर्क किया। अंकित ने उसके वहां आने से इनकार किया। रात करीब 10:30 बजे अंकित ने दोबारा फोन कर बताया कि उसकी दुकान पर काम करने वाला रोशनलाल रोहित को लेकर उसके घर पर आया है। उसे घर छोड़ आने की बात कही।
इसके बाद वह अपनी पुत्री नैना के साथ अंकित के घर पहुंचीं। पुत्र बेहोशी की हालत में पड़ा मिला और उसके सिर से खून निकल रहा था। पूछताछ करने पर अंकित और उसके पिता चेतराम प्रेमी ने घटना के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। परिजन ई-रिक्शा से रोहित को घर ले आए। अगले दिन 19 दिसंबर को तबियत बिगड़ने पर उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां की तहरीर पर सुनगढ़ी पुलिस ने चेतराम प्रेमी, अंकित, विपिन, आकाश और सोनू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि विवेचना शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई पर अमल किया जाएगा।