पूरनपुर। दहेज में बाइक और पचास हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई। प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर विवाहिता अपनी मां के साथ मायके आ गई। सुसरालियों ने मांग पूरी न होने पर उसे विदा कराकर ले जाने से इनकार कर दिया। शिकायत पर मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा। परिवार परामर्श केंद्र में समझौता न होने पर पुलिस ने विवाहित की ओर से उसके पति सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव खमरिया पट्टी के धर्मेंद्र की पुत्री पूनम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि ढाई साल पहले उसकी शादी गांव जेठापुर के प्रदीप के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद दहेज की खातिर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। दहेज में बाइक और पचास हजार रुपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर एक साल पहले उसके ऊपर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई। उसके पति ने उसके जेवर छीन लिए। प्रताड़ना से परेशान होकर वह अपनी मां के साथ मायके आ गई। तब से मायके में रह रही है। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने विदा कराकर ले जाने से इनकार कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने उसके मामले को परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया लेकिन परिवार परामर्श केंद्र में समझौता नहीं हो सका। कोतवाली पुलिस ने पूनम की ओर से उसके पति प्रदीप, ससुर राममूर्ति, सास रमा देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।