पीलीभीत। थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में जमीन के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान एक भाई ने फायर झोंक दिया। इससे दूसरे भाई को गोली लग गई। पुलिस ने घायल की तहरीर पर आरोपी भाई और भतीजे के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के मोहल्ला तुलाराम निवासी रामकिशोर (45) पुत्र स्वर्गीय मूलचंद ने सुनगढ़ी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके भाई गोकुल प्रसाद और भतीजे शेर सिंह के साथ चार बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। पीड़ित के अनुसार सात नवंबर को सुबह 11.30 बजे आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की थी। इसकी रिपोर्ट थाना सुनगढ़ी में दर्ज कराई थी। इसके बाद आठ नवंबर की सुबह करीब 11 बजे बंटवारे को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान गोकुल प्रसाद ने शेर सिंह की मदद से उस पर गोली चला दी जो उसके दाहिने हाथ की कोहनी में लगी। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी गोकुल प्रसाद और शेर सिंह के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।