पीलीभीत। रेस्टोरेंट में हुए मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। गालीगलौज के बाद आरोपी ने युवक को बेलो वाले चौराहे पर बुलाकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के विश्वनाथपुरम कॉलोनी निवासी वरुण मौर्य ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 अक्तूबर की शाम वह अपने मित्र अभय निवासी वसुंधरा कॉलोनी के साथ एक रेस्टोरेंट गया था। उन्होंने वहां भोजन का ऑर्डर दिया। इस दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद कांशीराम कॉलोनी निवासी सुजात पुत्र नफीस से उनकी गालीगलौज हो गई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव कराकर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद सुजात ने उसे फोन कर बेलो वाले चौराहे पर बुलाया, जब वह रात करीब सवा आठ बजे वहां पहुंचा तो आरोपी ने अपने साथी अशफाक व एक अन्य के साथ मिलकर उसके साथ गालीगलौज कर मारपीट शुरू कर दी। जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों से बचकर अपने घर आया और घटना की जानकारी परिजनों को दी। कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।