पीलीभीत। दियोरिया कोतवाली के पंसडी गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक प्रदीप गंगवार की हत्या के मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस की छह टीमें आरोपियों की धरपकड़ की तलाश में लगी हैं। दूसरे दिन बुधवार को भी गांव में पुलिस फोर्स तैनात रही।
घटना 25 नवंबर की शाम करीब छह बजे की है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि परिवार की एक युवती की ओर से पूर्व में छेड़छाड़ के मामले में गांव के ही आशीष कुमार व अन्य पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी रंजिश में मंगलवार शाम जब प्रदीप घर के बाहर था, तभी मुरारीलाल, नेवाराम, बादशाह, रामऔतार, अमन, शिवम, सूरजलाल और आशीष की मां एक राय होकर उसके घर पहुंचे। गालीगलौज और धमकी के बाद प्रदीप को राइफल से गोली मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंचे एसपी अभिषेक यादव ने छह टीमें गठित की थीं। पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है। हालांकि अभी इस संबंध में कोई लिखा पढ़ी नहीं की गई है। एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में टीमों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।