बीसलपुर। निकाह का झांसा देकर युवक ने बीसलपुर की युवती का मुंबई में चार वर्ष तक यौन शोषण किया। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है।
नगर के एक मोहल्ले की युवती ने बताया कि वह मुंबई में अपनी मौसी के घर रहकर पढ़ाई करती थी। उसके मोहल्ले का ही एक युवक मुंबई में रहकर हेयर सैलून चलाता था। एक ही मोहल्ले के होने के कारण युवक का युवती की मौसी के घर आना-जाना था।
इस बीच दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया। आरोप है कि युवक ने निकाह का झांसा देकर चार वर्षों तक उसका यौन शोषण किया। युवक ने युवती से कहा था कि वर्ष 2025 में वह उससे निकाह कर लेगा। 12 नवंबर 2025 को युवती ने युवक से कहा कि वर्ष 2025 गुजरने वाला है। अब वह उससे निकाह कर ले। युवक 15 नवंबर को युवती को लेकर बीसलपुर गया।
बीसलपुर आकर युवक ने युवती से निकाह करने से मना कर दिया। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया की युवती की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसमें मोहल्ले के ही शीबू को नामजद किया है।