बीसलपुर (पीलीभीत)। दुकान बंद कर घर जा रहे किराना व्यापारी को बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में रोका और उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर नगदी भरा थैला छीनने की कोशिश की। हालांकि शोर पर ग्रामीणों के एकत्र होने से बदमाश असफल रहे। पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुटी है। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा बाजार निवासी अश्वनी गुप्ता ने बताया कि उनकी कस्बा टिकरी में किराना की दुकान है। बृहस्पतिवार रात नौ बजे दुकान बंद कर वह बाइक से घर को निकले। रास्ते मे अर्जुनपुर मोड़ के पास पहुंचते ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। उसके बाद बदमाशों ने उनकी आंख में मिर्च पाउडर डाल दिया। जब तक वह संभल पाते, तब तक बदमाश उनसे थैला छीनने लगे। थैले में 40 हजार रुपये रखे थे। व्यापारी के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के जमा होने पर बदमाश नगदी लूटने में असफल रहे और भाग गए। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी की। व्यापारी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
इस मामले में पुलिस को कई बिंदुओं पर संदेह है। व्यापारी ने बदमाशों के जाने के बाद पुलिस को कॉल नहीं की। परिवार के लोगों से फोन पर बात की। इसके बाद वह पहले घर चले गए। वहां पर पानी से आंख साफ करने की बात कही। इसके बाद कोतवाली आकर पुलिस को तहरीर दी। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर भी पुलिस को कोई खास जानकारी नहीं मिली। ऐसे में पुलिस लूट की दिशा में जांच करने साथ ही रंजिश को लेकर भी पड़ताल कर रही है। कोतवाल मनीराम सिंह ने बताया कि तथ्यों को देखते हुए मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। इसकी गहनता से जांच कराई जा रही है। अगर लूट की कोशिश के आरोप सही निकलते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।