बीसलपुर (पीलीभीत)। किशोरी के पिता की हत्या में पुलिस ने तीसरे नामजद आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पांच आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। छेड़छाड़ की शिकायत लेकर आरोपी के घर गए पिता पर शोहदे के परिवारवालों ने बांका और लाठी डंडों से हमला कर दिया था। इसमें किशोरी के पिता की मौत हो गई थी।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 31 अक्तूबर की शाम को एक दलित किशोरी गांव के बाहर स्थित अपने बटिहा से कंडे निकालने गई थी, तभी पीछे से आए गांव के ही कालूराम उर्फ वीरेंद्र ने छेडख़ानी की थी। छात्रा ने घर आकर परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी थी। उसके बाद छात्रा के पिता , चाचा, और भाई आरोपी के घर शिकायत करने गए। आरोपी और उसके परिजनों ने किशोरी के पिता समेत तीनों परिजनों को धारदार हथियारों से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। तीनों घायलों को बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अगले दिन किशोरी के के पिता की मौत हो गई थी। पुलिस में इस संबंध में संगीन धाराओं में आठ लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने इस मामले के तीसरे फरार नामजद आरोपी गांव के ही सुरेश चंद्र को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरेापी कालूराम उर्फ वीरेंद्र और सत्यपाल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। कोतवाल हरी शंकर वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों का सोमवार को चालान कर दिया गया। पांच आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।