बीसलपुर (पीलीभीत)। मोहल्ला हबीबुल्ला खां जनूबी का एक युवक प्रधानमंत्री आवास न मिलने से इस कदर निराश हो गया कि मंगलवार को मिट्टी का तेल लेकर आत्मदाह करने तहसील पहुंच गया। उसका कहना है कि डेढ़ वर्ष में उसने सात बार आवेदन किया। फिर भी उसकी नहीं सुनी गई। हालांकि पुलिस ने उससे मिट्टी के तेल की बोतल छीनकर उसकी आत्मदाह की कोशिश को विफल कर दिया। एसडीएम ने तहसीलदार और ईओ को युवक की पात्रता की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
मोहल्ला हबीबुल्ला खां जनूबी निवासी रामबहादुर मौर्य ने एक पखवाड़ा पूर्व एसडीएम सौरभ दुबे को पत्र देकर चेतावनी दी थी कि यदि पांच अगस्त तक उसका नाम प्रधानमंत्री आवास के लिए चयनित लाभार्थियों की सूची में शामिल नहीं किया गया तो वह छह अगस्त को तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान आत्मदाह कर लेगा। उसकी इस धमकी को प्रशासन ने गंभीरता से नहीं लिया। रामबहादुर मंगलवार को दिन में 11.30 बजे केरोसिन से भरी बोतल लेकर तहसील परिसर में आत्मदाह करने पहुंच गया। उसने जब आत्मदाह के लिए शरीर पर केरोसिन उड़ेलना चाहा तभी वहां तैनात पुलिस ने उससे केरोसिन की बोतल छीन ली। पुलिस ने उसे पकड़कर एसडीएम सौरभ दुबे के सामने पेश किया। उसने एसडीएम को बताया कि उसका नाम गरीबी की रेखा से नीचे वालों की सूची में है। मजदूरी कर किसी तरह पेट पालता है। उसके पास कच्चा घर है, जो बारिश में बुरी तरह टपकता है। उसने प्रधानमंत्री आवास के लिए डेढ़ वर्ष में सात बार आवेदन किए, लेकिन सुविधा शुल्क न दे पाने की वजह से उसका आवास मंजूर नहीं हुआ। एसडीएम ने कहा कि उसकी पात्रता की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि वह पात्र पाया गया तो उसे आवास अवश्य मिलेगा। एसडीएम ने उसी समय तहसीलदार विजय त्रिवेदी और नगर पालिका परिषद की ईओ वंदना शर्मा को संयुक्त रूप से रामबहादुर की पात्रता की जांच करने के निर्देश दिए। इसके बाद रामबहादुर को घर भेज दिया गया।