बरखेड़ा। एक दिन पूर्व में बुजुर्ग पर गोली चलने के मामले में घायल के भाई ने शुक्रवार को बरखेड़ा थाने में गांव के पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर, फिलहाल घायल की हालत में सुधार है।
थाना बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम गहलुईया निवासी सियाराम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बुधवार रात दो बजे उनके 55 वर्षीय भाई माखनलाल पुत्र जीतराम शौच के लिए घर के बाहर गए थे। आरोप है कि तभी गांव के रहने वाल निरंजनलाल, गोकिल प्रसाद, बाबूराम, हरीराम और रामबल्लभ पहले वहां बैठे हुए थे। जैसे ही उनके भाई नजदीक पहुंचे। आरोपियों ने घेर लिया और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
जब भागने लगे तो आरोपियों ने पीछे से उनके पैर पर गोली मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल के भाई की ओर से मिली तहरीर के आधार पर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फिलहाल मामले की जांच कराई जा रही है। सीओ बीसलपुर प्रशांत सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना कराई जा रही है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।