बीसलपुर। एक तरफ प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण को लेकर विशेष अभियान चला रहा है। लोगों को जागरूक करने को तमाम प्रयास किए जा रहे है। मगर ग्रामीण इलाकों में अभी भी भ्रांतियों के चलते लोग वैक्सीनेशन कराने से दूरी बना रहे हैं। शुक्रवार को कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव परेवा, किशनी, मितेपुर और अहिरवाड़ा आदि गावों में गई थी। मगर टीम पहुंचने का पता लगते ही ग्रामीणों ने दूरी बना ली। टीमों ने प्राथमिक विद्यालयों में शिविर लगाया। घर-घर जाकर लोगों को शिविर में पहुंचकर टीका लगवाने को प्रेरित किया। ग्रामीणों ने शिविर में आकर टीका लगवाने की हामी तो भरी, मगर कोई भी टीका लगवाने नहीं पहुंचा। टीम प्रभारियों ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. ठाकुरदास को मामले की जानकारी दी है। अब इन गांवों में जागरूकता के लिए कदम उठाए जाएंगे।
घर घर जाकर लोगों को टीकाकरण कराने को प्रेरित किया। लोगों ने टीकाकरण कराने की हामी तो भरी लेकिन शाम तक किसी ने भी शिविर में पहुंचकर टीका नहीं लगवाया। लोगों को जागरूक करेंगे। - आकाश शर्मा, प्रधान, परेवा
गांव के सभी घरों में जाकर लोगों को टीका लगवाने का सुझाव दिया था। किसी ने भी टीका लगवाने से मना नहीं किया लेकिन टीका लगवाया भी नहीं। इसे लेकर अब जागरूकता को कदम उठाएंगे। - जितेंद्र पाल गंगवार, पूर्व प्रधान किशनी
चार गांवों में ग्रामीणों द्वारा टीका न लगवाए जाने का मामला संज्ञान में अभी तक नहीं था। अब यह मामला पता लगा है। सीएचसी अधीक्षक से जानकारी की जाएगी। रविवार को इन गांवों में तहसील के अधिकारियों को भेजकर टीकाकरण के संबंध में जागरूक किया जाएगा। फैली भ्रांतियां दूर कराएंगे और टीकाकरण भी होगा। - राकेश गुप्ता, एसडीएम, बीसलपुर
ग्राम प्रधान टीकाकरण के लिए ग्रामीणों को करें जागरूक
पूरनपुर। ब्लॉक परिसर में शनिवार को टीकाकरण, संक्रमण से बचाव, ऑपरेशन कायाकल्प समेत अन्य विकास कार्यों को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। विधायक पूरनपुर बाबूराम पासवान और डीएम पुलकित खरे ने नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों से टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर कराने और विकास कार्यो को बिना भेदभाव पूरा कराने को कहा।
डीएम ने कहा कि कोरोना से अपने- अपने गांव को सुरक्षित रखना होगा। इसके लिए गांव में टीकाकरण को बढ़ाएं। सचिव, ग्राम्य विकास अधिकारी, आंगनबाड़ी, आशा सभी का सहयोग लें। कोई व्यक्ति बाहर से आता है तो तत्काल सूचना दें। किसी व्यक्ति को बुखार, जुकाम की शिकायत आती है तो समिति के पास उपलब्ध दवाओं की किट दी जाए। कोविड प्रोटोकॉल का भी पालन कराएं।
विधायक ने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए प्रधान संकल्प लें कि अपना टीकाकरण कराने के साथ साथ ग्रामीणों का टीकाकरण कराएंगे। अपनी पंचायत को एक आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करें। श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई।
टीकाकरण बढ़ाएं, जलभराव वाले स्थानों पर छिड़काव कराएं
पीलीभीत। गांधी सभागार में शनिवार को हुई समीक्षा बैठक में डीएम पुलकित खरे ने कोविड टीकाकरण को बढ़ाने और गंदगी वाले स्थानों पर दवा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कोविड टीकाकरण, संचारी रोग नियंत्रण व एक जुलाई से शुरू होने वाले संचारी व दस्तक अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि सभी विभाग अभियान से संबंधित माइक्रो प्लान तैयार कर 26 जून तक उपलब्ध कराएं। सीएमओ को निर्देश दिए कि समस्त सीएचसी पर आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम के साथ बैठक कर काम की जानकारी पहले से दे दी जाए। नगर पालिका, नगर पंचायत, कृषि विभाग, पंचायतीराज, पेयजल, पशुपालन, बाल विकास समेत अन्य विभागों को निर्देश दिए कि कार्ययोजना शासनादेश के तहत ही बनाएं। शहरी व ग्रामीण इलाकों में गंदगी और जलभराव के स्थानों पर दवा का छिड़काव हो।
कहा कि एक जुलाई से प्रत्येक ब्लॉक को क्लस्टर में विभाजित कर कोविड टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा। इसके लिए समस्त एमओआईसी अपने क्षेत्र को क्लस्टर में विभाजित करेंगे और प्रत्येक क्लस्टर में टीमों द्वारा टीकाकरण कराएंगे। सचिव, प्रधान, लेखपाल, आंगनबाडी, सहायक अध्यापक, आशा, एएनएम डोर टू डोर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। इस मौके पर सीडीओ प्रशांत श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नूपुर गोयल, डीआईओएस संतप्रकाश, बीएसए चंद्रकेश सिंह आदि मौजूद थे।
टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के हों प्रयास
पीलीभीत। नेहरू युवा केंद्र व यूनीसेफ के समन्वय से शनिवार को कोरोना टीकाकरण से संबधित ऑनलाइन गोष्ठी का आयोजन किया गया। बरेली मंडल के यूनिसेफ के क्षेत्रीय निदेशक आरिफ हसन, जिला समन्वयक इरशाद व जिले से स्वास्थ्य विभाग के वीसीसीएम सरोज ने टीकाकरण बढ़ाने की बात कही। कहा कि कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी और प्रभावी साबित हो रहा है। गांव-गांव जाकर भ्रांतियों को दूर कराने पर ठोस कदम उठाने को कहा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी शिवम शर्मा ने की। संवाद
शिविर में 274 लोगों ने लगवाया टीका
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल और अग्रवाल महिला समिति के अपील पर प्रशासन ने टीकाकरण शिविर आयोजित किया। शनिवार को अग्रवाल सभा भवन में आयोजित शिविर में 302 रजिस्ट्रेशन हुए, इनमें से 274 लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टीका लगाया।
शिविर का शुभारंभ सुबह दस बजे सदर विधायक संजय सिंह गंगवार, डीएम पुलकित खरे, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नूपुर गोयल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। विधायक ने कहा कि शिविर का आयोजन टीकाकरण को लेकर भ्रांतियों के प्रति जागरूक करने के लिए किया गया है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष अनूप अग्रवाल, महामंत्री शैली अग्रवाल ने कहा कि वैक्सीन सभी के लिए जरूरी है। टीकाकरण ही बचाएगा, इससे दूरी न बनाएं। टीकाकरण सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल की देखरेख में हुआ। सीएमओ ने 21 जून को दोबारा अग्रवाल सभा भवन में शिविर लगाने के लिए आश्वस्त किया है। इस मौके पर शैली शर्मा, अलाउददीन अंसारी, ऋषभ सिंह, निमित अग्रवाल, प्रदीप कुमार, प्रियंका अग्रवाल, निशा अग्रवाल, स्वीटी अग्रवाल, पूनम अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
अग्रवाल सभा भवन में आयोजित शिविर में टीकाकरण करता स्टाफ एवं मौजूद अधिकारी।- फोटो : PILIBHIT