पीलीभीत। शहर से सटे गांव नौगंवा पकड़िया में बुधवार रात एक बुजुर्ग की अचानक मौत हो गई। इसके बाद पूरे गांव में बुजुर्ग की कोरोना से मौत होने का शोर मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुजुर्ग के शव कब्जे में लेकर उसका कोविड नियमावली के तहत अंतिम संस्कार कराया। स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बरतते हुए मृतक के संपर्क में आने वालों लोगों की कोरोना जांच भी कराई है।
शहर से सटे गांव नौगंवा पकड़िया निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग गांव के समीप एक कोल्ड स्टोर में नौकरी करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक वह मकान में अकेले ही रहते थे। चार दिन पहले उन्हें अचानक बुखार आया। इस पर उन्होंने किसी डॉक्टर को दिखाकर दवा भी ली थी। गांव वालों के अनुसार बुखार आने के बाद बुजुर्ग ने कोरोना की जांच नहीं कराई थी। बुधवार देर रात बुजुर्ग की अचानक मौत हो गई।
यह खबर गांव में फैलते ही खलबली मच गई। बुजुर्ग की कोरोना से मौत होने की चर्चाएं गांव में तेज हो गईं। गांव से ही किसी ग्रामीण ने फोन कर मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सतर्कता बरतते हुए शव को पीपीई कवर पहनाकर अंतिम संस्कार कराया। हालांकि बुजुर्ग की मौत कैसे हुए स्वास्थ्य विभाग के पास भी इसकी कोई जानकारी नहीं है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि शव का अंतिम संस्कार कोविड नियमावली के तहत कराया गया है। संपर्क में आने वालों की सैंपलिंग कराई जा रही है। बुजुर्ग की मौत को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।