पीलीभीत/ बीसलपुर। रविवार को संक्रमित पाए गए हरदो चौसर पट्टी के युवक ने एक ईंट भट्ठे पर भी दो-तीन दिन काम किया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम उसे ढूंढते हुए भट्ठे पर पहुंची तो वह वहीं मिला। हरदो चौसर पट्टी गांव को कंटेन्मेंट जोन बनाने के साथ ही परिवार के लोगों के सैंपल लेकर उन्हें क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया है। वहीं ईंट भट्ठे पर उसके संपर्क में आए लोगों की तलाश की जा रही है।
बीसलपुर के गांव हरदो चौसर पट्टी गांव निवासी 28 वर्षीय युवक चार जून को दिल्ली से वापस आया था। जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल लेकर उसे होम क्वारंटीन किया था। लेकिन युवक अपने घर जाने के बाद दूसरे दिन अपनी ससुराल भैँसा ग्वालपुर चला गया था। रविवार देर रात आई जांच रिपोर्ट में यह युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद जब स्वास्थ्य टीम ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो वह अपने घर नहीं मिला। इसके बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। देर रात तक उसकी तलाश चलती रही। रात डेढ़ बजे युवक चंदपुरा गांव में एक ईंट भट्टे पर मिला। वहां काम करने वाले अपने साले के साथ वह चला गया था, दो-तीन दिन उसने वहां काम भी किया था।
स्वास्थ्य टीम ने उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद सोमवार को उसकी पत्नी, माता, पिता, बहन, भाई और उसकी ससुराल में सास, ससुर और साले का सैंपल करने के बाद उन्हें पुराने अस्पताल में बने क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। साथ ही ईंट भट्टे पर उसके संपर्क में आए लोगों की भी तलाश की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीमें भट्ठे को लेकर अभी मंथन कर रहे हैं कि वहां कौन से एहतियाती कदम उठाए जाएं। वहीं कंटेन्मेंट जोन बने हरदो चौसर पट्टी गांव को सैनिटाइज कराकर बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
संक्रमित युवक को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके परिवार वालों के सैंपल लेकर उन्हें क्वारंटीन किया गया है। सैनिटाइज कराकर गांव को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया गया है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ