पीलीभीत। बाहर से आने वाले प्रवासियों की वजह से कोरोना संक्रमण की रफ्तार एक बार फिर तेज हो गई है। 24 घंटे के भीतर जनपद में चौथा कोरोना संक्रमित मिला है। यह युवक दिल्ली से आया था। अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 50 हो गई है। इनमें एक्टिव केस आठ हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग उसकी छानबीन में जुट गया है।
बरखेड़ा क्षेत्र के जिरौनिया गांव निवासी 35 वर्षीय युवक दो जून को दिल्ली से अपने घर आया था। तीन जून को स्वास्थ्य विभाग ने उसका सैंपल लेकर होम क्वारंटीन किया था। शुक्रवार शाम को आई 160 मरीजों की जांच रिपोर्ट में इस युवक के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित युवक की छानबीन में जुट गई है। संक्रमित युवक स्वास्थ्य विभाग की टीम का फोन रिसीव नहीं कर रहा है। स्वास्थ्य टीम को संक्रमित युवक को लेने के लिए गांव भेजा गया है। उसके परिवार के भी सैंपल लिए जाएंगे। एसीएमओ डॉ. सीएम चतुर्वेदी ने बताया कि 160 मरीजों की जांच रिपोर्ट में 159 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोविड अस्पताल में काम करने वाली टीम के 25 सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।