पीलीभीत। तीसरी लहर को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में फोकस सैंपलिंग कराने की योजना बनाई है। पहले दिन सभी ब्लॉक स्तर पर फोकस सैंपलिंग अभियान के तहत लोगों की कोरोना जांच की गई है। जिसमें पहले दिन 1567 लोगों के नमूने लेकर जांच को भेज गए हैं।
जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम फोकस सैंपलिंग अभियान के तहत पहले दिन यानी शुक्रवार को स्ट्रीट वेंडर, रेहड़ी वाले, सब्जी और फल विक्रेता और छोटे दुकानदारों की सैंपलिंग की गई। जिसमें शहर समेत पूरनपुर, बरखेड़ा, अमरिया, न्यूरिया, माधोटांडा, बीसलपुर, बिलसंडा, जहानाबाद, ललौरीखेड़ा समेत विभिन्न स्थानों पर सुबह दस बजे टीमें सैंपल लेने में जुट गई। हालांकि कई स्थानों पर लोग अपना सैंपल करने से कतार रहे थे। लेकिन उन्हें समझाने के बाद वह सैंपल देने को तैयार हो गए। फोकस अभियान के तहत आरटीपीसीआर का सैंपल लिए गए। पूरे दिन चली सैंपलिंग में जिले में 1567 लोगों के सैंपल हो सके। जिन्हें कलेक्ट करने के बाद जांच के लिए लैब को भेजा जा रहा है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि यह अभियान तीसरी लहर को देखते हुए शुरु किया गया है। ताकि जिले में संक्रमण की दर का पता चल सके। यह अभियान 25 जुलाई तक चलेगा। 17 जुलाई को ग्रामीण क्षेत्र में सैंपलिंग कराई जाएगी। इसमें आशा आगंनबाड़ी का सहयोग लिया जाएगा।