पीलीभीत। कोविड अस्पताल में चले इलाज के बाद आठ और कोरोना संक्रमित ठीक हो गए। ये सभी मुंबई से आने के बाद संक्रमित पाए गए थे। बुधवार को उन्हें कोविड अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालांकि इन सभी को अभी घर पर क्वारंटीन रहने को कहा गया है।
माधोटांडा क्षेत्र के संडई निवासी हरिओम समेत 11 लोग आठ मई को वापस आए थे। 13 मई को आई रिपोर्ट में हरिओम कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनके साथ आए पूरनपुर के प्रसादपुर गांव निवासी धर्मपाल, प्रमोद कुमार, इंद्रपाल, करन वर्मा, राजेश कुमार, हरिओम, माधोटांडा के गांव रानीगंज निवासी करनलाल, बंगला गांव निवासी प्रेमपाल की सैंपलिंग कराई गई थी। 17 मई को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें भी कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। संडई गांव निवासी हरिओम की रिपोर्ट निगेटिव आने पर सोमवार को घर भेज दिया गया था। अब अन्य आठ की रिपोर्ट भी मंगलवार देर रात निगेटिव आई। इसके बाद बुधवार को आठों को कोविड अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इस दौरान कोरोना संक्रमित युवकों ने डॉक्टरों और स्टाफ का अभिवादन किया। डॉक्टरों ने उन्हें 14 दिनों तक घर में रहने की सलाह दी है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि निगेटिव रिपोर्ट मिलने पर आठ संक्रमित घर भेज दिए गए हैं।