पीलीभीत। टीबी की जांच कराने पहुंचा बुजुर्ग कोरोना संक्रमित निकला। जब तक स्वास्थ्य विभाग टीम पहुंचती उससे पहले ही कोविड अस्पताल में भर्ती किए जाने के डर से संक्रमित भाग गया। काफी तलाश के बाद भी संक्रमित का कोई पता नहीं लग सका।
अमरिया थाना क्षेत्र के टडोला गांव के रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग अपने बेटे के साथ मंगलवार को दोपहर को जांच करने पहुंचे थे, लेकिन टीबी अस्पताल में जांच करने से पहले मरीजों की कोरोना की जांच की जाती है। जब उनकी कोरोना जांच की गई तो वह पॉजिटिव निकले। उनके अलावा शहर के अवधनगर कॉलोनी के 55 वर्षीय बुजुर्ग की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई। टीबी अस्पताल के स्टाफ ने दोनों संक्रमितों को अलग बैठकर स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दे दी।
जानकारी मिलने पर एंबुलेंस भी उन्हें लेने को रवाना हो चुकी थी। तभी टंडोला गांव का बुजुर्ग को कोविड अस्पताल में भर्ती होने का डर सताने लगा और वह मौका पाकर बेटे के साथ बाइक पर बैठकर वहां से खिसक गए। संक्रमित को भागते हुए देखकर स्टाफ ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वह बाइक से भाग गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित के गांव में उसकी तलाश कर रही है। इधर दूसरे संक्रमित को कोविड अस्पताल भेज दिया है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि संक्रमित की तलाश में टीम गांव भेज दी गई है। साथ ही उसके परिवार वालों से वार्ता कर उन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।