पीलीभीत। पंचायती राज कार्यालय में तैनात स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कार्यरत तीन संविदा कर्मचारियों ने नियम विरुद्ध तरीके से लाखों रुपये का भुगतान कर लिया। मामले की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मामले की जांच बैठाई। दस दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अब तक जांच को पूरा नहीं किया जा सका है।
बीसलपुर के रहने वाले ज्ञानप्रकाश ने शिकायत में आरोप लगाया कि जिला पंचायती राज कार्यालय के स्वच्छ भारत मिशन में डीसी के पद पर तैनात तीन कर्मचारियों ने नियम विरुद्ध तरह से कार्यालय में बैठकर अपने कंप्यूटर से ग्राम पंचायतों से लाखों रुपये का भुगतान किया, जबकि यह सभी भुगतान ग्राम पंचायत से किए जाने होते हैं।
आरोप है कि जिन पंचायतों का भुगतान किया जाता है। उनमें कमीशन के नाम पर पंचायत सचिव व प्रधान से दबाव बनाया जाता है। इसके साथ ही कमीशन न देने पर उनके खिलाफ कार्रवाई का डर दिखाया जाता है। मामले की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय टीम को जांच के आदेश दिए। जिलाधिकारी के आदेश के बाद करीब 10 दिन से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी कर्मचारियों पर विभागीय स्तर से कार्रवाई नहीं की जा सकी है। सीडीओ सतीश प्रसाद मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय स्तर से कार्रवाई की जाएगी। संवाद