विभाग की अनदेखी को लेकर उपभोक्ताओं ने नगर के एक मोहल्ले में बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
नगर के मोहल्ला दुबे के उपभोक्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि मंदिर के पास एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं का आरोप था कि नगर में लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती की समस्या दिन पर दिन सुरसा के मुंह की तरह बढ़ती चली जा रही है। विभाग इस ओर से पूरे तरह से आंखे मूंदे हुए हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद कर्मचारी इस समस्या का समाधान करने की जहमत तो उठाना तो दूर इस बात को सुनने तक को तैयार नहीं होते हैं। इससे उपभोक्ताओं में दिन पर दिन रोष बढ़ता चला जा रहा है। इसी का परिणाम है कि रविवार को उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने वाल्मीकि मंदिर के पास एकत्र होकर बिजली विभाग के विरोध में प्रदर्शन और नारेबाजी की। उन्होंने यह ऐलान भी कर दिया कि अगर एक पखवाड़ा के अंदर इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होगें, जिसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
प्रदर्शन करने वालों में कपिल देव, सर्वेश कुमार, राजीव कुमार, गौरव, रोहित कुमार, केशव, पप्पू, हरीश कुमार, सुनील कुमार, फूलसिंह, राजवीर, रामलखन, विशाल, कमल, गया प्रसाद, कैलाश पांडेय और हरीओम समेत तमाम लोग शामिल थे।