नई बस्ती चौराहे पर बिजली सही करता कर्मचारी। स्रोत विभाग।
रोजाना घंटों शहर में गुल हो रही बिजली, अफसर नहीं कर रहे समस्या का समाधान
पीलीभीत। शहर में बिजली कटौती और फॉल्ट की समस्या से उपभोक्ताओं को मंगलवार को भी राहत नहीं मिली। इससे शहरी उपभोक्ताओं को समस्याओं का सामना करना पड़ा। अलग-अलग इलाकों में हुए बिजली फॉल्ट की समस्या से बिजली निगम के कर्मचारियों को भी यहां-वहां दौड़ लगानी पड़ी।
सोमवार को सुबह आई तेज हवाओं के साथ बारिश ने पूरे शहर की बिजली आपूर्ति को बाधित कर दिया। दोपहर बाद बिजली विभाग की टीम बमुश्किल सप्लाई को दुरुस्त कर सकी। वहीं, सोमवार की देर रात से ही बिजली कटौती का खेल शुरू हो गया। रात करीब नौ बजे रामलीला विद्युत उपकेंद्र इनकमिंग नंबर एक लीवर रॉड टूटने से जुड़े करीब सात सौ उपभोक्ताओं को आपूर्ति बाधित रही। इससे लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
मंगलवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे अग्रवाल सभा की तरफ तकनीकी समस्या से लोगों को आपूर्ति नहीं मिल सकी। मीना बाजार के सामने स्थित दुकानों को बिजली नहीं मिल सकी। नई बस्ती में सुबह 11 बजे आपूर्ति प्रभावित हो गई, जो दोपहर बाद बहाल की जा सकी। इसके साथ ही शाम पांच बजे के करीब आवास विकास क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिल सकी। एक्सईएन आशीष यादव ने बताया कि कुछ स्थानों पर समस्याएं आई थी। सूचना के बाद टीमों को भेजकर उसे दुरुस्त करा दिया गया। संवाद