पीलीभीत/गजरौला। माला स्टेशन को खत्म कर हाल्ट बनाने को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष था। प्रदर्शन भी हुए। अब हाल्ट की जगह माला में स्टेशन बनेगा। बुधवार से इसकी निर्माण प्रक्रिया शुरू हो गई। ग्रामीणों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद भी लोगों के बीच पहुंचे। नारियल तोड़कर स्टेशन की नींव रखी।
पीलीभीत-मैलानी रेलखंड के आमान परिवर्तन का काम तेजी से चल रहा है। ब्रॉडगेज रेलवे लाइन बनने से क्षेत्र के लोगों में काफी खुशी थी लेकिन ये खुशी रोष में बदल गई जब पता चला कि माला स्टेशन खत्म करके हाल्ट स्टेशन बनाया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने विधायक, सांसद रेल मंत्री, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर स्टेशन बरकरार रखने की मांग उठाई थी। पिछले साल दिसंबर से स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर ही अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन चल रहा है। विधानसभा चुनाव के प्रचार में पश्चिम बंगाल के सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर स्टेशन पर पहुंचे थे। तब उन्होंने रेलमंत्री से फोन पर बात कर ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आपकी मांग पूरी होगी। अब स्टेशन बनाए जाने की रेलवे ने घोषणा कर दी है। बुधवार दोपहर बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद धरने पर बैठे ग्रामीणों के बीच पहुंचे। ग्रामीणों ने माला को स्टेशन बनाने की खबर सुनकर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। विधायक ने पूजा पाठ के साथ नारियल तोड़ा और माला स्टेशन के निर्माण की नींव रखी। रेलवे प्रशासन ने हाल्ट के लिए बनाई जा रही दीवार को जेसीबी से तोड़ने का काम शुरू कर दिया।