पीलीभीत। जिले के सभी ब्लॉकों की 21 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन का निर्माण शुरू कराया गया है। पूर्ति विभाग की ओर से इन सभी ग्राम पंचायतों के खाते में धनराशि भेजी गई है। निर्माण होने के बाद अन्नपूर्णा भवन से ही राशन वितरण किया जाएगा।
राशन वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कराया जाना है। जिले के सात ब्लॉकों में 720 ग्राम पंचायतें हैं। पहले अन्नपूर्णा भवन का निर्माण मनरेगा से कराया जाना था।
मनरेगा से करीब 75 अन्नपूर्णा भवन का निर्माण हो भी चुका है। अब शासन से आए निर्देश के बाद इन भवनों के निर्माण की जिम्मेदारी पूर्ति विभाग के अफसरों को सौंपी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार के अनुसार, मौजूदा समय में 21 ग्राम पंचायतों में इनका निर्माण जारी है। संवाद