पंचायत विभाग की ओर से कराया जाएगा अन्नपूर्णा भवन का निर्माण
पीलीभीत। जिले के सात ब्लॉकों की 21 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कराने की कवायद शुरू हो गई है। चालू वित्तीय वर्ष में अन्नपूर्णा भवन निर्माण के लिए शासन स्तर से पहली किस्त जारी कर दी है। जल्द ही इनका निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
जिले के सात ब्लॉकों में 720 ग्राम पंचायत हैं। आर्थिक रूप से कमजाेर लोगों के शासन की ओर से कोटे की दुकानों के माध्यम से राशन वितरण कराया जाता है। राशन वितरण करने के लिए विक्रेता घर या फिर किराये के स्थान पर दुकान का संचालन कर राशन वितरण करता था। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्टॉक का लेखा-जोखा भी गलत होता था। शासन स्तर से कार्याें में पारदर्शिता लाए जाने के लिए शासन स्तर से अन्नपूर्णा भवन निर्माण को निर्देश दिए गए। शासन के आदेश के बाद मनरेगा विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कार्य शुरु कराया गया, लेकिन कुछ समय के बाद बजट के अभाव में मनरेगा के तहत इनका निर्माण कार्य रोक दिया गया। ऐसे में जिले की अधिकांश ग्राम पंचायतों में इनका निर्माण कार्य नहीं हो सका। इसके बाद इनके निर्माण को लेकर पंचायती राज विभाग को निर्देश दिए गए। गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में बजट कम होने के चलते निर्माण कार्य शुरु नहीं हो सका। अब चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अन्नपूर्णा भवन निर्माण को लेकर अन्नपूर्णा भवन के निर्माण के लिए बजट जारी कर दिया गया है। ऐसे में जिले की 21 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कार्य शुरु करा दिया जाएगा। करीब आठ लाख का बजट जारी किया है। संवाद
-
इस ब्लॉक की इतनी ग्राम पंचायत की गईं शामिल
1- अमरिया ब्लॉक की चार ग्राम पंचायत।
2- मरौरी ब्लॉक की दो ग्राम पंचायत।
3- ललौरीखेड़ा ब्लॉक की दो ग्राम पंचायत।
4- पूरनपुर ब्लॉक की पांच ग्राम पंचापयत।
5- बिलसंडा ब्लॉक की दो ग्राम पंचायत।
6- बीसलपुर ब्लॉक की चार ग्राम पंचायत।
7- बरखेड़ा ब्लॉक की दो ग्राम पंचायत।
वर्जन:
ग्राम पंचायतों में बनाए जाने वाले अन्नपूर्णा भवन को लेकर शासन स्तर से बजट जारी कर दिया गया। जिले के सातों ब्लॉकों की 21 ग्राम पंचायतों के लिए पहली किस्त को जारी कर दिया गया। जल्द ही इनका निर्माण कार्य शुरु कर दिया जाएगा।
- रोहित भारती, डीपीआरओ