बरखेड़ा गजरौला मार्ग के गांव प्रतापडण्डी के बैकल्पिक रास्ते पर फंसी आटा चक्की संवाद
कई किलोमीटर लंबा चक्कर काट कर गंतव्य को पहुंच रहे राहगीर
बरखेड़ा। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश से बरखेड़ा-गजरौला मार्ग पर ग्राम प्रतापडंडी के पास मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह कट गया है। वैकल्पिक रास्ते के ऊपर पानी बहने से राहगीरों और वाहन चालकों को कई किलोमीटर का चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार की मनमानी के कारण एक बार फिर इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। स्थिति इतनी गंभीर है कि कुछ बाइक सवार अपनी जान जोखिम में डालकर निर्माणाधीन पुलिया के ऊपर से जुगाड़ कर वाहन निकालने को विवश हैं। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
दो वर्ष पूर्व बाढ़ के दौरान यह पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके पुनर्निर्माण का कार्य लगभग छह महीने पहले शुरू हुआ था, लेकिन पर्याप्त समय मिलने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा कर रास्ता चालू नहीं किया जा सका, जबकि 15 जून तक मार्ग को सुचारू कराने का आश्वासन मिला था। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एसके जैन ने बताया कि नई पुलिया के ऊपर दो तीन में रास्ता चालू कर दिया जाएगा। तब-तक लोग अन्य रास्तों का इस्तेमाल करें। संवाद