पीलीभीत। यूपी बोर्ड वर्ष 2025 की हाईस्कूल की इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट व इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट परीक्षा शनिवार को संपन्न कराई जाएगी। शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में दो पालियों में होने वाली परीक्षा में 600 से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा पर भी जोर दिया गया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी तिथि के बाद कंपार्टमेंट परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गईं थीं। डीआईओएस राजीव कुमार ने बताया कि रविवार को ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में हाईस्कूल इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट की परीक्षा दूसरी पाली में दो से शाम 5:15 बजे तक होगी।
हाईस्कूल में कंपार्टमेंट व इंप्रूवमेंट के लिए 301 विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं। वहीं इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए कुल 362 आवेदन किए गए हैं। परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड से मिले निर्देश के क्रम में परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी, केंद्र व्यवस्थापक, अध्यापकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के अतिरिक्त बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा। केंद्र व्यवस्थापक की जिम्मेदारी होगी कि परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने पाए।
सीसीटीवी कैमरों से स्ट्रांग रूम की 24 घंटे निगरानी होगी। परीक्षा पर ऑडियो सेंसर कैमरे से नजर रखी जाएगी। परीक्षा को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ ही अन्य प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।