उन्होंने कहा कि अब अन्नदाता आत्महत्या नहीं करता है, अन्नदाता उत्कर्ष के चरम को छूने के लिए तैयार है। नौजवान पलायन नहीं करता है, आज का नौजवान स्वयं का स्टार्टअप करता है। आज कोई भी बेटी खुद को असुरक्षित महसूस नहीं करती, बल्कि भारत की सुरक्षा की खातिर पायलट बनने के लिए अपने आप को तैयार करती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज कानून व्यवस्था तुस्त दुरुस्त है। गुंडे माफिया पस्त हैं। प्रदेश दंगों से मुक्त हो गया है। सुरक्षा और समृद्धि भी है।
परिवारवाद पर साधा निशाना
सपा-बसपा पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि आपने पिछली सरकारों को देखा है। ये लोग युवाओं के हाथों में तमंचा थमाते थे। हमने रोजगार दिया। सपा-बसपा की सरकार में कर्फ्यू लगता था। हमने कर्फ्यू मुक्त प्रदेश बनाया। आज कांवड़ यात्रा निकाली जाती है। सीएम योगी ने परिवारवाद को लेकर भी सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव फैमिली फर्स्ट बनाम नेशन फर्स्ट के बीच होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि सपा हो या कांग्रेस उनकी ओर से उस पार्टी का अध्यक्ष केवल एक खानदान का ही व्यक्ति हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते कहा कि भाजपा में सामान्य गरीब परिवार से निकलकर पूरी जीवन देश के लिए समर्पित कर दें, उनके लिए पूरा भारत ही उनका परिवार है।