पीलीभीत। शहर स्थित नवीन मंडी स्थल गुरुवार को 304 जोड़ों की शादी का गवाह बना। इनमें 294 जोड़ों ने अग्नि के सात फेरे लिए, जबकि नौ का निकाह पढ़ाया गया। हिंदू जोड़ों की शादी पंडित राहुल मिश्रा और उनकी टीम ने कराई। मुख्य अतिथि बरखेड़ा विधायक किशनलाल राजपूत ने सभी जोड़ों को सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में करीब दो हजार लोग मौजूद थे। सुबह आठ बजे से घराती-बरातियों का आगमन शुरू हुआ जो दोपहर तक जारी रहा। मंडी में विवाह परिसर को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था। जोड़ों की संख्या अधिक होने के कारण दो पंडाल हिंदू और एक पंडाल मुस्लिम जोड़ों की शादी के लिए लगा था। 294 हिंदू जोड़ों का जहां पुरोहितों ने विधि विधान से विवाह कराया, वहीं नौ मुस्लिम जोड़ों को मौलवी ने निकाह पढ़ाया। समाज कल्याण अधिकारी केपी सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक दंपती पर कुल 51 हजार रुपये खर्च होना है। इसमें 35 हजार वधू के बैंक खाते में, 10 हजार रुपये का सामान और छह हजार रुपये अन्य व्यवस्थाओं के लिए दिए गए हैं। मुख्य अतिथि बरखेड़ा विधायक किशनलाल राजपूत ने कहा कि अगली बार सामूहिक विवाह और भव्य तरीके से कराया जाएगा। शासन की मंशा है कि गरीब की बेटी बाप के सिर का बोझ न कहलाए। डीएम वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि शासन की मंशा को अमली जामा पहनाने के लिए प्रशासन मुस्तैद है। पंडाल की व्यवस्था जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी जागन सिंह ने की। करीब चार बजे शादी समारोह संपन्न होने के बाद घराती-बारातियों को भोजन कराकर विदा किया गया। सीडीओ रमेश चंद्र पांडेय, डीसी मनरेगा मृणाल सिंह, डीसीओ जितेंद्र मिश्रा, डीपीओ अरविंद कुमार, डूडा अधिकारी अनामिका सक्सेना, एएमए जागन सिंह, डीपीआरओ प्रमोद कुमार यादव आदि मौजूद रहे।