मोहल्ला खेड़ा निवासी कमल प्रकाश के बंद मकान में संदिग्ध हालात में आग लग गई। जिससे घर में रखी नगदी समेत करीब दो लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। घरवाले चोरी के बाद घर में आग लगाने की आशंका जता रहे हैं, जबकि पुलिस आग शार्ट सर्किट से लगना मान रही है।
मोहल्ला खेड़ा निवासी कमल प्रकाश ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री लक्ष्मी की शादी गजरौला निवासी लोनू के साथ तय की थी। वैवाहिक कार्यक्रम गजरौला में होना था। इसलिए वह रविवार की सुबह पुत्री और परिवार के अन्य लोगों के साथ गजरौला चले गए थे। घर में ताला लगा था। रविवार की रात करीब ढाई बने उनके घर में अचानक आग लग गई। घर से धुआं उठा तो आसपास के लोगों को आग लगने की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस और तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई। गृहस्वामी ने आशंका जताई कि किसी ने घर का ताला तोड़ने के बाद पहले चोरी की और बाद में आग लगा दी। उन्होंने बताया कि घर में रखे 30 हजार रुपये और बड़ी बेटी रेखा के गहने गायब हैं। इसके अलावा घर में रखा करीब दो लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। उधर, एसओ दलवीर सिंह ने बताया कि आग शार्ट सर्किट से लगी है।
रंजिशन घर में आग
लगाई, सामान राख
- आग बुझाने की कोशिश में गृहस्वामी का बेटा झुलसा
- पुलिस बोली, विरोधियों को फंसाने को खुद लगाई आग
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव रामपुर नवदिया निवासी सुमेरलाल के घर में रविवार रात लगभग 11 बजे कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के तहत आग लगा दी। आग बुझाने के प्रयास में गृह स्वामिनी का पुत्र झुलस गया।
थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव रामपुर नवदिया निवासी सुमेरलाल की पत्नी कलावती ने बताया कि रविवार रात घर के सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे। लगभग 11 बजे कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के तहत आग लगा दी। आग की लपटें महसूस कर घर वाले जाग गए। घर वालों ने पड़ोसियों की मदद से बमुश्किल आग पर काबू पाया। आग बुझाने के प्रयास में कलावती का पुत्र मोतीराम मामूली रूप से झुलस गया है। कलावती ने बताया कि आग लगने से उनके घर का सारा सामान जल गया है। कलावती ने यह भी बताया कि आग की रोशनी में उन्होंने आग लगाने वालों को पहचान लिया है। सोमवार को कलावती जब उन लोगों से शिकायत करने गई तो वे गाली गलौज करते हुए झगड़ा करने पर आमादा हो गए। कलावती ने थाने में तहरीर दे दी है, इसमें चार लोगों को नामजद किया गया है। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। इस बाबत थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि कलावती ने जमीन संबंधी रंजिश में विरोधियों को फंसाने के लिए घर में खुद आग लगाई है।