न्यूरिया। नगर पंचायत न्यूरिया ने मानसून से पहले जल निकासी दुरुस्त करने के लिए नाला-नालियों की सफाई का अभियान तेज कर दिया है। नगर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में बड़े नालों की सफाई जेसीबी मशीनों से कराई जा रही है। छोटी नालियों की सफाई के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
मोहल्ला मोहम्मद यार खां, खेड़ा, ठाकुरद्वारा और तिगड़ी समेत कई क्षेत्रों में नालों से गाद व कचरा निकाला जा रहा है। चोक नालों की तलीझाड़ सफाई भी हो रही है। इस अभियान में नियमित कर्मचारियों के अलावा अतिरिक्त कर्मियों को भी लगाया गया है। अधिशासी अधिकारी हरिपाल गंगवार ने बताया कि यह विशेष अभियान बरसात में जलभराव की समस्या कम करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष रिहाना बेगम ने नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता बताया। उन्होंने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा न डालने की अपील की। संवाद