बीसलपुर। कोतवाली में आयोजित थाना दिवस में आई शिकायत के निस्तारण के लिए अतिक्रमण हटाने पहुंची नगरपालिका की टीम से लोगों की पुलिस के सामने ही काफी नोकझोंक हुई। कुछ लोगों ने नाले के ऊपर से अतिक्रमण नहीं हटाने दिया।
शनिवार को कोतवाली में आयोजित थाना दिवस में मोहल्ला बाजार कटरा के कुछ लोगों ने शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उनके मोहल्ले में बड़ा स्थल मंदिर के पास एक व्यक्ति ने नगर पालिका की नाले पर अवैध रूप से कब्जा किया है। कब्जा तुड़वाया जाना बहुत जरूरी है। दूसरी शिकायत के तहत मोहल्ला गांधीनगर के कुछ लोगों ने कहा कि उनके मोहल्ले में एक व्यक्ति ने नाली के ऊपर अवैध रूप से शौचालय बना रखा है, जिससे नाली बंद हो गई है और घरों का गंदा पानी नहीं निकल पा रहा है। थाना दिवस प्रभारी ने मौके पर मौजूद नगरपालिका के अधिकारियों को पुलिस के साथ तत्काल मौके पर जाकर दोनों शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। नगरपालिका के अधिकारी पुलिस के साथ मोहल्ला बाजार कटरा पहुंचे और नाली पर डाली गई डिप तोड़ने लगे। पालिका कर्मियों ने डिप का कुछ हिस्सा ही तोड़ा कि विरोध हो गया। अवैध कब्जा करने वाले व्यक्ति ने कहा कि पहले नोटिस भेजना चाहिए था। इस व्यक्ति ने अपने परिजनों की मदद से पालिका कर्मियों द्वारा डिप तोड़ने का कार्य यह कहकर रुकवा दिया कि वह एक सप्ताह के भीतर स्वयं ही डिप तोड़ लेगा। नगरपालिका के कर्मियों ने शेष डिप तोड़ने का काफी प्रयास किया लेकिन उनके सारे प्रयास विफल हो गए। नाली पर अवैध रूप से बनाए गए शौचालय को तोड़ दिया। दोनों स्थानों पर पालिका कर्मियों में काफी नोकझोंक हुई। इस दौरान भीड़ लग गई थी। टीम ने नगरपालिका के सफाई निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह, संपत्ति प्रभारी जकील खां और पुलिस कर्मी शामिल थे।