पीलीभीत। गांधी सभागार में सोमवार को डीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें विकास कार्योँ को गुणवत्तापूर्ण और समय से कराने के लिए समीक्षा की गई। निर्धारित अवधि तक निर्माण कार्य पूरा नहीं कराने पर उपनिदेशक मंडी का काम पूरा होने तक वेतन रोक दिया है।
डीएम पुलकित खरे ने ट्रांसमिशन सबस्टेशन के निर्माण के बारे में जाना। इसे लेकर बताया गया कि रिच्छा से अमरिया तक का कार्य पूरा होना बताया गया। पूरनपुर में भी काम 80 प्रतिशत होने की जानकारी दी। योग वेलनेस सेंटर की स्थापना को लेकर भी एसडीएम सदर अविनाश चंद्र मौर्य को निर्देश दिए गए कि पूर्व में संचालित स्थल पर ही इसे संचालित किया जाए। मंडी समिति में कराए जाने वाले कार्यों को 28 फरवरी तक पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। मगर अभी तक कई निर्माण कार्य पूरे नहीं हो सके हैं। डीएम ने उप निदेशक मंडी का काम पूरा होने तक वेतन रोका। स्वास्थ्य केंद्र सुहास और कुर्रेयाकलां की समीक्षा की गई। कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों ने बताया कि सभी काम पूरे हो चुके हैं। गुणवत्ता की जांच भी करा ली गई है। स्वास्थ्य केंद्र सुहास का लोकार्पण से पूर्व सीएमओ और संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर को निरीक्षण कर हैंडओवर करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि कमियां मिलने पर कार्रवाई तय है। इस मौके पर सीडीओ प्रशांत श्रीवास्तव, एसडीएम बीसलपुर राकेश गुप्ता आदि मौजूद थे।